बुलंदशहर

उत्तर प्रदेश की पहली महिला बास्केटबॉल लीग का आज परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी, अनूपशहर में सफलतापूर्वक समापन हुआ।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश की पहली महिला बास्केटबॉल लीग का आज परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी, अनूपशहर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आई महिला बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने उत्साह और प्रतिस्पर्धा के साथ भाग लिया।
उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित तथा परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस लीग का आयोजन 30 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 (देर रात्री) तक किया गया। लीग के प्रथम संस्करण में ट्रायल के माध्यम से चयनित पाँच टीमों की कुल 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती राधा चौहान, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं अध्यक्ष, कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन, तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री कुमार हर्ष, आईएएस, जिलाधिकारी बुलंदशहर; श्री दिनेश कुमार सिंह, आईपीएस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक , बुलंदशहर; और श्री राहुल गौतम, निदेशक, शीला फोम उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. सीमा शर्मा, FIBA की सदस्य एवं महिला उपाध्यक्ष, बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया; डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान, पूर्व डीजीपी; श्री राजीव शर्मा, विशेष निदेशक (सुरक्षा), राज्यसभा सचिवालय, भारत की संसद; श्री अरुण कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी , अनूपशहर; श्री भरत सोनकर, क्षेत्राधिकारी, अनूपशहर; श्री दिलीप सिंह, महासचिव, उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन (UPBA); श्री भूपेंद्र कुमार, महासचिव, जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन, बुलंदशहर; श्री सिबेश माथुर जी; श्री अनुपम शर्मा, अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल रेफरी; ब्लॉक प्रमुख, अनूपशहर, श्री अतुल कुमार, उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक, रेफरी तथा परदादा परदादी संस्था के स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
चार दिनों तक ट्रिपल टैक शक्ति टीम, परदादा परदादी बेटियाँ, अलीगढ़ वीरांगना, रानी लक्ष्मीबाई फाइटर्स और शुभम स्मैशर्स के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल में अलीगढ़ वीरांगना की टीम ने परदादा परदादी बेटियाँ की टीम को 52-37 के अंतर से हराकर उत्तर प्रदेश की पहली महिला बास्केटबॉल लीग का खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता टीम को ₹1 लाख तथा उपविजेता टीम को ₹75,000 का पुरस्कार दिया गया। पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली खिलाड़ी क्षमा को डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान, पूर्व डीजीपी, द्वारा ₹5,100 का विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
परदादा परदादी संस्था के लिए इस लीग की मेजबानी करना खेलों के माध्यम से लड़कियों को आगे बढ़ाने, उनमें आत्मविश्वास विकसित करने और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण विस्तार है।
श्रीमती राधा चौहान, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं अध्यक्ष, कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन, ने कहा कि उन्हें परदादा परदादी संस्था में आकर बहुत अच्छा लगा और संस्था के कार्यों के बारे में जानकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने अन्य लोगों से भी इसी प्रकार आगे आकर कार्य करने और संस्था का सहयोग करने की अपील की, ताकि देश की बेटियाँ अपने जीवन में आगे बढ़ सकें और देश का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि जिस उत्साह और ऊर्जा के साथ सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, वह यह दर्शाता है कि आने वाला समय हमारी बेटियों का है।
डॉ. सीमा शर्मा, FIBA की सदस्य एवं महिला उपाध्यक्ष, बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया, ने कहा कि परदादा परदादी संस्था बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से इस संस्था का दौरा करने की योजना बना रही थीं और आज उनका यह दौरा सफल रहा।
उन्होंने कहा कि जिस तरह एशियन गेम्स में हरियाणा की बेटियाँ देश के लिए पदक जीत रही हैं, उसी तरह बुलंदशहर की बेटियाँ भी आने वाले समय में देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।
कुमार हर्ष, आईएएस, जिलाधिकारी, बुलंदशहर, ने कहा कि परदादा परदादी संस्था द्वारा उत्तर प्रदेश की पहली महिला बास्केटबॉल लीग का सफल आयोजन किया गया है, जिसके लिए संस्था बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से प्रयास किया जाएगा कि जनपद स्तर पर भी इस तरह के खेल आयोजनों को बढ़ावा दिया जाए और अधिक से अधिक टीमों एवं खिलाड़ियों को इनमें प्रतिभाग करने का अवसर मिले।
अतुल कुमार, ब्लॉक प्रमुख, अनूपशहर, ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के कौशल, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इस लीग ने अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें अपनी अलग पहचान बनाने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्रीमती सपना वर्मा, सीईओ, परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी, ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अन्य सम्मानित अतिथियों, विभिन्न टीमों के कोचों, रेफरियों तथा उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन का धन्यवाद किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
लोकेंद्र पाल सिंह, अध्यक्ष, परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी, ने कहा
“हमें उत्तर प्रदेश की पहली महिला बास्केटबॉल लीग की मेजबानी करने पर गर्व है। हम प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रत्येक खिलाड़ी को बधाई देते हैं। हम उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के साथ इस साझेदारी के लिए आभार व्यक्त करते हैं और आशा करते हैं कि यह लीग एक स्थायी मंच के रूप में विकसित होगी, जो आने वाले समय में और अधिक युवा लड़कियों को खेलों से जुड़ने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। हम स्वर्गीय सैम सर के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।”

परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी के बारे में
परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी की स्थापना स्वर्गीय वीरेंद्र “सैम” सिंह द्वारा उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर में की गई थी। पिछले 25 वर्षों से PPES ग्रामीण भारत में पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही गरीबी के चक्र को तोड़ने के लिए लड़कियों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आर्थिक आत्मनिर्भरता के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
आज PPES अपने विद्यालय में 4,000 से अधिक लड़कियों को शिक्षा प्रदान कर रही है। इनमें से 260 से अधिक लड़कियाँ उच्च शिक्षा के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अध्ययन कर रही हैं, जबकि 229 लड़कियाँ विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर चुकी हैं। संस्था की विभिन्न परियोजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के 138 गाँवों तक पहुँच रहा है।
इटवा-बांसी मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, चालक सुरक्षित
https://t.co/1XvyUI8nOY
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 4, 2026













