फरेंदा

महराजगंज जनपद के फरेंदा तहसील क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी भीषण और अघोषित विद्युत कटौती से आम जनता का धैर्य जवाब दे गया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के फरेंदा तहसील क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी भीषण और अघोषित विद्युत कटौती से आम जनता का धैर्य जवाब दे गया है। रात-रात भर बिजली गुल रहने से नाराज स्थानीय नागरिकों ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) फरेंदा को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की गुहार लगाई। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्बाध आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो वे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
गर्मी और उमस के बीच रात में गायब हो रही बिजली
स्थानीय लोगों के अनुसार, धानी फीडर और बृजमनगंज फीडर से जुड़े दर्जनों गांवों में पिछले कुछ दिनों से रात के वक्त घंटों बिजली गायब रह रही है। भीषण गर्मी और उमस के मौसम में रात भर बिजली न रहने के कारण बुजुर्गों व नवजात बच्चों की नींद हराम हो गई है। वहीं, छात्रों की परीक्षा की तैयारी और दिनभर खेतों में पसीना बहाने वाले किसानों की दिनचर्या भी बुरी तरह पटरी से उतर गई है।
ज्ञापन में रखी गईं तीन प्रमुख मांगें
नागरिकों ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताते हुए तीन सूत्रीय मांगें रखी हैं:
धानी एवं बृजमनगंज फीडर पर रात के समय की जा रही अनावश्यक कटौती तत्काल प्रभाव से बंद की जाए।
ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में घोषित रोस्टर के अनुसार नियमित व सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित हो।
रोस्टर और मरम्मत के नाम पर की जा रही अघोषित कटौती पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
सुधार न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने कहा कि बिजली विभाग मनमाने ढंग से आपूर्ति ठप कर रहा है, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने एसडीएम से मामले में हस्तक्षेप कर विद्युत विभाग के आला अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाने और आपूर्ति व्यवस्था तत्काल पटरी पर लाने के निर्देश देने की मांग की। नागरिकों ने दो-टूक कहा कि अगर शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन शुरू करेंगे।
बुलंदशहर: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का आज बुलंदशहर दौरा, दिवंगत विधायक अनिल शर्मा के परिजनों से करेंगे मुलाकातhttps://t.co/vNdRTslwdq
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 18, 2026













