बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के जहांगीराबाद नगर में मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में राजस्थान निवासी एक ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शिकारपुर बस स्टैंड से चांदोक दोराहे जाने वाली सड़क पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शंकर पुत्र लड्डूराम, उम्र 42 वर्ष, निवासी गांव गंभीरा, तहसील नैनवा, जिला बूंदी, राजस्थान के रूप में हुई है। शंकर गुजरात से लकड़ी लदा ट्रक लेकर जहांगीराबाद स्थित एक गोदाम पर माल उतारने आया था। माल उतारने के बाद वह गोदाम से अपनी स्प्लेंडर बाइक लेकर खाना खाने निकला था।
इसी दौरान शिकारपुर बस स्टैंड से चांदोक दोराहे की तरफ जाते समय उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी एक महिंद्रा पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शंकर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।













