लखीमपुर खीरी
जनपद लखीमपुर खीरी के ब्लॉक निघासन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रकेहटी के घनश्याम पुरवा के पास स्थित ‘नए पुरवा’ गांव में जलभराव की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। गांव के मुख्य मार्ग पर घुटने तक पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है और वे नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नए पुरवा में कोटेदार के घर राशन लेने जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह पानी से लबालब है। बरसात का पानी और घरों का गंदा पानी निकलने का कोई उचित साधन न होने से पिछले कई दिनों से रास्ते पर भारी जलभराव है। इस वजह से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि बीमार और गर्भवती महिलाओं को भी इसी गंदे और बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि गांव में आज तक नाली का निर्माण नहीं कराया गया है और न ही पानी निकासी के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। गंदे पानी के ठहराव के कारण गांव में मलेरिया, डायरिया और डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप
ग्रामवासियों का आरोप है कि इस विकराल समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान राजकिशोर और क्षेत्रीय अधिकारियों से लिखित व मौखिक शिकायत की गई, लेकिन नतीजा शून्य रहा। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी अधिकारी केवल खोखला आश्वासन देकर चले जाते हैं, धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
अब सोशल मीडिया पर इस समस्या की गूंज उठने के बाद देखना होगा कि प्रशासनिक अधिकारी इस ओर ध्यान देते हैं या ग्रामीणों को इसी तरह अपनी सुधबुध खोए सिस्टम के भरोसे रहना पड़ेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खंड विकास अधिकारी निघासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से रास्ते से पानी की निकासी कराई जाए और गांव में पक्की नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से स्थाई राहत मिल
सके।












