बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बिना वैध कागजात के संचालित हो रहे 7 स्कूली वाहनों को चालान कर सीज कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान बुलंदशहर के विभिन्न स्कूलों के वाहनों की सघन जांच की गई। जांच में नेशन पब्लिक स्कूल, मिर्जापुर के 02 वाहन, डी0एस0 मेमोरियल ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के 03 वाहन, कृष्ण कुमार सरस्वती स्कूल का 01 वाहन एवं विवेकानन्द जूनियर हाई स्कूल का 01 वाहन बिना परमिट/फिटनेस प्रमाण पत्र के चलते पाए गए। नियमानुसार इन सभी वाहनों का चालान कर बंद करने की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी स्कूली वाहन बिना वैध प्रपत्रों के संचालित किया जाता है तो संबंधित स्कूल प्रबंधक के विरुद्ध भी सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित और मानक के अनुसार परिवहन सुविधा देना है।
प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी कागजात पूर्ण रखें, ताकि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।












