चेतिया बाजार
सिद्धार्थनगर जनपद के बांसी तहसील अंतर्गत स्थित चेतिया बाजार के व्यवसायी व मिलनसार व्यक्तित्व के धनी दुर्गेश उर्फ मुन्नू गुप्ता (पुत्र नंदलाल गुप्ता) का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के बांसी तहसील अंतर्गत स्थित चेतिया बाजार के व्यवसायी व मिलनसार व्यक्तित्व के धनी दुर्गेश उर्फ मुन्नू गुप्ता (पुत्र नंदलाल गुप्ता) का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। इस हृदयविदारक खबर से पूरे चेतिया बाजार और आसपास के ग्रामीण अंचलों में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार को बड़हरघाट स्थित प्राचीन मंदिर के समीप परसी नाला के घाट पर अत्यंत गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
छोटे बेटे ने दी मुखाग्नि, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
दुर्गेश गुप्ता की अंतिम यात्रा में पूरा क्षेत्र उमड़ पड़ा। घाट पर उनके छोटे बेटे रितेश गुप्ता ने अश्रुपूर्ण आंखों से अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान उपस्थित हर आंख नम हो गई। अंतिम यात्रा और दाह संस्कार में क्षेत्र के व्यापारियों, समाजसेवियों सहित हजारों की संख्या में लोगों ने शामिल होकर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।
पूर्व विधायक लाल जी यादव ने दी श्रद्धांजलि, बंधाया ढांढस
दुर्गेश गुप्ता के असामयिक निधन की सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक लाल जी यादव ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूर्व विधायक ने शोक संतप्त परिवार जनों को ढांढस बंधाते हुए कहा
दुर्गेश बेहद हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनका इस तरह अचानक चले जाना पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस विकट घड़ी में पूरा क्षेत्र और हम सब पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
बताते चले की गुरुवार सुबह अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुबारकपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दुर्गेश गुप्ता, उनकी बेटी पिंकी और नातिन परी की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में उनकी पत्नी विजयलक्ष्मी, पुत्र अभिषेक गुप्ता उर्फ रवि, दामाद राधेश्याम और नाती गोलू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का लखनऊ के अस्पताल में उपचार जारी है।
इसके साथ ही पूर्व प्रधान मुंशीफ ने भी गहरा दुख जताते हुए ईश्वर से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। दुर्गेश गुप्ता अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और भरा-पूरा परिवार रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़: स्कूल में चोरी करने वाला शातिर बदमाश पिंकल गोली लगने से घायल, अवैध तमंचा व चोरी का माल बरामदhttps://t.co/kLWfHpz7Fv
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 3, 2026













