महराजगंज
महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के मटरा-धमउर एसएसबी रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वॉइस ऑफ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के मटरा-धमउर एसएसबी रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहर्रम का मेला देखकर कर्बला की ओर से लौट रहे पांच लोगों को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की पहचान अर्चना 6 पुत्री योगेंद्र, योगेंद्र 50 पुत्र शिवलेंदर, सत्यम 15 पुत्र संतोष, पुतरी 50 पत्नी परशन तथा मनजीत 26 पुत्र हरिलाल के रूप में हुई है। सभी निचलौल थाना क्षेत्र के मटरा-धमउर गांव के निवासी हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद अर्चना, योगेंद्र, सत्यम और मनजीत की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रात के समय वाहन चलाते हुए विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।













