कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज-नेबुआ नौरंगिया मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज-नेबुआ नौरंगिया मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। बाइक और टैंकर के बीच हुई इस आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में माता-पिता और उनके मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि 11 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल है। इस हादसे ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के पिपराइच (वार्ड नंबर-9) निवासी रामलखन मद्धेशिया (38 वर्ष) अपनी पत्नी शशिकला (35 वर्ष), बेटे रौनक (9 वर्ष) और बेटी लाडो (11 वर्ष) के साथ बाइक पर सवार होकर बिहार स्थित मदनपुर देवी स्थान पर दर्शन करने जा रहे थे। सुबह करीब 6:30 बजे जैसे ही उनकी बाइक रामकोला थाना क्षेत्र में खोटही स्थित निर्भया सर्विस फिलिंग स्टेशन के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि रामलखन मद्धेशिया और उनके 9 वर्षीय बेटे रौनक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल पत्नी शशिकला और बेटी लाडो को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान शशिकला ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में एकमात्र बची 11 वर्षीय बेटी लाडो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसका इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में चल रहा है।
मृतक रामलखन मद्धेशिया पिपराइच में अपने भाई गणेश मद्धेशिया के साथ मिलकर मिठाई की दुकान चलाते थे। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, तो वृद्ध मां सहित पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया और इलाके में मातम पसरा हुआ है।
सिद्धार्थनगर: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मंत्री अनिल राजभर ने गिनाईं उपलब्धियांhttps://t.co/aPbaXgHM6H
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 16, 2026













