महराजगंज: गैस के लिए रात भर लाइन में लगी महिला धूप और उमस से हुई बेहोश, गोदाम पर मची अफरा-तफरी

बागापार

महराजगंज जनपद के बागापार स्थित भारत गैस गोदाम पर आज सोमवार को गैस वितरण व्यवस्था की बदहाली की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के बागापार स्थित भारत गैस गोदाम पर आज सोमवार को गैस वितरण व्यवस्था की बदहाली की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई। घंटों से कतार में खड़ी एक महिला अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है।

धूप, उमस और भूख-प्यास बनी कारण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के चौपरिया गांव निवासी महिला रात से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए कतार में लगी थी। बताया जा रहा है कि सिलेंडर की किल्लत और अव्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं को रात से ही लाइन लगानी पड़ती है।सुबह होते ही तेज धूप और उमस के बीच काफी देर तक भूखे-प्यासे खड़े रहने की वजह से महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह अचानक अचेत होकर गिर पड़ी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

महिला के गिरते ही कतार में लगे अन्य उपभोक्ताओं ने उसे संभाला और चेहरे पर पानी छिड़ककर होश में लाने का प्रयास किया। इसी बीच किसी ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद प्रशासन में भी हलचल तेज हो गई। करीब एक घंटे बाद होश आने पर गोदाम कर्मचारियों ने आनन-फानन में महिला को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराया और परिजन उसे घर ले गए।

उपभोक्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप

मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी प्रबंधन पर अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि गोदाम पर भीड़ नियंत्रण और छाया/पानी के कोई इंतजाम नहीं हैं।उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से सिलेंडर नहीं मिलता, जिससे उन्हें रात भर जागकर इंतजार करना पड़ता है।प्रशासन से मांग की गई है कि वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुलभ बनाया जाए।

अधिकारियों का पक्ष

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर उपजिलाधिकारी विजय यादव ने बताया कि महिला के बेहोश होने की सूचना संज्ञान में आई है। मामले की विस्तृत जानकारी ली जा रही है और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।

 


Voice Of News 24