बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद में अभिभावकों के शोषण और टैक्स चोरी की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए शनिवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में अभिभावकों के शोषण और टैक्स चोरी की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए शनिवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। अनूपशहर रोड स्थित रस्तोगी बुकमार्ट पर जीएसटी (GST) और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापा मारा। दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही, जिससे पुस्तक बाजार में हड़कंप मच गया।
कमीशनखोरी और मिलीभगत का आरोप
लंबे समय से अभिभावक और कुछ स्कूल संचालक यह आरोप लगा रहे थे कि निजी स्कूलों और चुनिंदा पुस्तक विक्रेताओं के बीच कमीशन का खेल चल रहा है।अभिभावकों का दावा है कि स्कूलों द्वारा छात्रों पर तय दुकानों से ही किताबें खरीदने का दबाव बनाया जाता है।
कई अभिभावकों ने बताया कि जो किताबें बाजार में कम कीमतों पर उपलब्ध हैं, उन्हें इस दुकान से ऊंचे दामों पर खरीदने के लिए मजबूर किया जाता था। एक अभिभावक के अनुसार, स्कूल प्रशासन द्वारा स्पष्ट कहा जाता था कि किताबें केवल यहीं से मिलेंगी।
टैक्स चोरी और बिलिंग में गड़बड़ी
छापेमारी के दौरान जीएसटी विभाग को गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिले हैं।
एक पूर्व कर्मचारी के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, दुकान में स्टॉक और बिलिंग के बीच भारी अंतर रखा जाता था। कुछ बिक्री को अन्य नामों से दर्ज कर टैक्स बचाने का प्रयास किया जाता था।
टीम को एक पंजीकृत फर्म के माध्यम से होने वाली बिक्री में संदिग्ध लेनदेन के प्रमाण मिले हैं। अधिकारियों ने मौके से खरीद-फरोख्त के रिकॉर्ड और स्टॉक रजिस्टर जब्त कर लिए हैं।
शिक्षा विभाग की रडार पर स्कूल
इस कार्रवाई में शामिल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि कोर्स की आड़ में चल रहे इस सिंडिकेट की शिकायतें उन्हें लगातार मिल रही थीं। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में किसी स्कूल और दुकान के बीच अवैध गठजोड़ या कमीशन के सबूत मिलते हैं, तो संबंधित स्कूलों के खिलाफ भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जीएसटी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में रिकॉर्ड में काफी विसंगतियां पाई गई हैं। जब्त किए गए दस्तावेजों की गहनता से स्क्रूटनी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी की सटीक राशि और अवैध लेन-देन का पूरा खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल, इस छापेमारी के बाद शहर के अन्य बड़े पुस्तक विक्रेताओं और निजी स्कूल संचालकों में भी खलबली मची हुई है।
गाजीपुर हत्याकांड: प्रियंका गांधी का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, कहा- ‘पीड़िता के खिलाफ और अत्याचारी के साथ खड़ी है सत्ता’ pic.twitter.com/lGc8uNG4Tg
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 25, 2026























