बुलंदशहर: राजघाट में गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, परमाणु ऊर्जा केंद्र के कर्मचारी की डूबने से मौत

राजघाट

बुलंदशहर जनपद में डिबाई तहसील क्षेत्र के राजघाट पर शनिवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में डिबाई तहसील क्षेत्र के राजघाट पर शनिवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। नरोरा एटॉमिक पावर प्लांट में कार्यरत एक 36 वर्षीय युवक की गहरे पानी में जाने से डूबकर मौत हो गई। इस घटना से मृतक के साथियों और परिवार में कोहराम मच गया है।

छुट्टी के दिन साथियों के साथ आए थे स्नान करने

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उमेश कुमार (36 वर्ष), पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जनपद सम्भल के थाना चन्दौसी अंतर्गत ग्राम मऊ हस्सू के रहने वाले थे। उमेश कुमार अपने तीन अन्य साथियों—हेमन्त कुमार (अतरौली), राजेश कुमार (गोधा) और कैलाश कुमार (नरौरा) के साथ शनिवार दोपहर करीब 2:00 बजे राजघाट पहुंचे थे। ये सभी साथी नरोरा एटॉमिक पावर प्लांट (NAPS) में कार्यरत हैं और अवकाश होने के कारण गंगा स्नान के लिए आए थे।

गहरे पानी में जाने से डूबे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्नान के दौरान उमेश कुमार का पैर फिसल गया या वह अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक गहरे पानी में चले गए। साथ में मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वे असफल रहे और उमेश पानी में समा गए।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। उप जिलाधिकारी (SDM) मनीष कुमार, क्षेत्राधिकारी (CO) मधुप सिंह और नरौरा थाना प्रभारी गंगा प्रसाद आर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला।

परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहले नरोरा एटॉमिक पावर स्टेशन के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जिसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। एक साथ काम करने वाले साथियों के लिए यह दिन बेहद दुखद रहा, जहाँ खुशियों की छुट्टी मातम में बदल गई।प्रशासन ने एक बार फिर श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतें और गहरे पानी की ओर न जाएं।

Voice Of News 24