महराजगंज: सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, बेटे के साथ अस्पताल से लौटते समय हुई थी दुर्घटना

श्यामदेउरवा

महराजगंज जनपद के महराजगंज-गोरखपुर मार्ग पर स्थित मोहम्मदपुर गांव के पास बीते सोमवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई महिला रमावती (50 वर्ष) ने दम तोड़ दिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के महराजगंज-गोरखपुर मार्ग पर स्थित मोहम्मदपुर गांव के पास बीते सोमवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई महिला रमावती (50 वर्ष) ने दम तोड़ दिया। इलाज के दौरान हुई इस मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के ग्रामसभा रामपुर बल्डीहा निवासी सोनू (22 वर्ष) अपनी मां रमावती का इलाज कराने सोमवार को गोरखपुर गया था। शाम को दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के सामने पहुंचे, एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सीएचसी परतावल पहुँचाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहाँ बुधवार को रमावती की मृत्यु हो गई।

श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस कार चालक की तलाश और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Voice Of News 24