लखनऊ: विकास नगर की झुग्गियों में भीषण आग, सिलेंडर ब्लास्ट से दहला इलाका

लखनऊ

राजधानी लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र स्थित टेढ़ी पुलिया के पास बुधवार को उस समय कोहराम मच गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

राजधानी लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र स्थित टेढ़ी पुलिया के पास बुधवार को उस समय कोहराम मच गया, जब वहां स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दर्जनों झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। इस हादसे के दौरान एक के बाद एक कई गैस सिलेंडरों में हुए जोरदार धमाकों ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। झुग्गियों में रखे घरेलू गैस सिलेंडरों के फटने से हुए धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया। आसमान में काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही विकास नगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत कार्य के लिए मौके पर पहुँचीं। आग बुझाने के लिए दर्जनों दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं। हालांकि, लगातार हो रहे सिलेंडर ब्लास्ट के कारण दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत और जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल, प्रशासन और फायर फाइटर्स आग को रिहायशी इलाकों की ओर फैलने से रोकने और उसे पूरी तरह बुझाने के प्रयास में जुटे हैं। इस अग्निकांड में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर राहत कार्यों में तेजी ला रही है। अभी तक किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन झुग्गियों में रहने वाले परिवारों का सारा सामान जलकर राख हो गया है।

 

Voice Of News 24