महराजगंज: पट्टीदारों से विवाद के बाद युवक की संदिग्ध मौत, 4 दिन बाद पुलिस के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धोतियहवा (बनिया टोला) में 30 वर्षीय युवक हरिप्रकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला गरमाता जा रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धोतियहवा (बनिया टोला) में 30 वर्षीय युवक हरिप्रकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला गरमाता जा रहा है। घटना के चार दिन बाद, क्षेत्राधिकारी (CO) अंकुर गौतम और थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव के कड़े आश्वासन के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।

विवाद और घटना का क्रम

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हरिप्रकाश का अपने पट्टीदारों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान हुई मारपीट में हरिप्रकाश की पत्नी निशा का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मारपीट में हरिप्रकाश को भी अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। मूल रूप से सूरत (गुजरात) जाने की तैयारी कर रहा यह परिवार आनन-फानन में अपनी ससुराल (कुशहा, थाना कोल्हुई) के लिए निकला, लेकिन रास्ते में ही हरिप्रकाश की स्थिति बेहद नाजुक हो गई और अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई।

परिजनों का आक्रोश और पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के तीन मासूम बच्चे (8 वर्षीय सौम्या, 6 वर्षीय शुभी और 3 वर्षीय ऋषभ) अब बेसहारा हो गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने समय रहते आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया, जिसके विरोध में उन्होंने चार दिनों तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। परिजनों की मांग थी कि जब तक एफआईआर की प्रति नहीं मिलेगी, वे संस्कार नहीं करेंगे।

हालाँकि, मौके पर पहुँचे सीओ अंकुर गौतम ने निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद तनावपूर्ण माहौल शांत हुआ। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वर्तमान में गांव में सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल तैनात है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

 

Voice Of News 24

[the_ad id="45361"]
[the_ad id="45359"]
[the_ad id="47307"]