सिद्धार्थनगर: पारिवारिक कलह ने ली मासूम की जान, नहर में डूबती माँ को ग्रामीणों ने बचाया

शोहरतगढ़

सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पठानडीह अर्री ग्राम पंचायत में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पठानडीह अर्री ग्राम पंचायत में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ राप्ती मुख्य नहर में एक 26 वर्षीय महिला अपनी 5 माह की मासूम बच्ची के साथ डूबती पाई गई। ग्रामीणों के अदम्य साहस से महिला की जान तो बच गई, लेकिन उसकी 5 माह की बेटी मिसबा काल के गाल में समा गई।

जानकारी के अनुसार बताते चले की रविवार को अर्री के दक्षिण बह रही राप्ती मुख्य नहर में ग्रामीणों ने एक महिला और बच्ची को डूबते देख तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। राहगीरों और ग्रामीणों ने जान की बाजी लगाकर महिला को तेज धारा से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचेत अवस्था में भी माँ ने अपनी कलेजे के टुकड़े को सीने से कसकर लगा रखा था। ग्रामीणों ने महिला के पेट से पानी निकालकर उसे सीएचसी शोहरतगढ़ पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पीड़िता के पिता अब्दुल करीम निवासी चम्पापुर ने ससुराल पक्ष पर रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं। तहरीर के अनुसार सहीदुन्निशा (26) का निकाह मुस्तकीम से हुआ था, जो बाहर रहकर काम करता है।पिता का आरोप है कि निकाह के बाद से ही सास, ससुर, ननद और देवर दहेज के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।

घटना के बाद गाँव में भारी आक्रोश और मातम पसरा है। थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पुलिस की एक टीम मामले की गहनता से जाँच कर रही है। महिला के होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे और प्राप्त तथ्यों व तहरीर के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Voice Of News 24