ऐतिहासिक जीत: भारतीय महिलाओं ने श्रीलंका को रौंदकर जीती सीरीज, कप्तान हरमनप्रीत और दीप्ति ने रचा इतिहास

स्पोर्ट्स डेस्क

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए शुक्रवार को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए शुक्रवार को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। मैच में जहाँ शेफाली वर्मा ने बल्ले से आग उगली, वहीं हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

हरमनप्रीत बनीं टी20 की सबसे सफल कप्तान

इस जीत के साथ ही भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली कप्तान बन गई हैं। उनकी कप्तानी में भारत की यह 130 मैचों में 77वीं जीत है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज मैग लानिंग (76 जीत) के विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

दीप्ति शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड और रेणुका की घातक वापसी

 

टॉस जीतकर गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। वापसी कर रही रेणुका सिंह ठाकुर ने अपने स्पैल में श्रीलंका के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया। वहीं, स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

नया कीर्तिमान: दीप्ति शर्मा अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 151 विकेट के साथ ऑस्ट्रेलिया की मेगान शट की बराबरी कर संयुक्त रूप से विश्व में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं।

श्रीलंका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर मात्र 112 रन ही बना सकी।

शेफाली वर्मा का ‘तूफान’, 40 गेंद शेष रहते मिली जीत
113 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना (01) के रूप में जल्दी झटका लगा। लेकिन सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने एक बार फिर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का लोहा मनवाया।

शेफाली ने मात्र 42 गेंदों में नाबाद 79 रनों की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल थे।

उन्होंने हरमनप्रीत कौर (नाबाद 21) के साथ मिलकर भारत को 13.2 ओवर में ही जीत की दहलीज के पार पहुँचा दिया।

श्रीलंकाई पारी का हाल

श्रीलंका की ओर से हसिनी परेरा (25), इमेशा दुलानी (27) और कविशा दिलहारी (20) ने संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन रेणुका और दीप्ति की धारदार गेंदबाजी के सामने कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल सका। कप्तान चामरी अटापट्टू मात्र 3 रन बनाकर दीप्ति का शिकार बनीं।

 

Voice Of News 24