मेरठ: सरकारी खजाने में सेंध लगाने वाले दारोगा और सिपाही निलंबित, 10 लाख से अधिक के गबन का आरोप

मेरठ

उत्तर प्रदेश पुलिस में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश पुलिस में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मेरठ स्थित 6वीं वाहिनी पीएसी (PAC) में तैनात एक दरोगा और सिपाही को सरकारी धन के गबन के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इन पर कोषागार पोर्टल के जरिए वेतन में हेरफेर कर लाखों रुपये डकारने का गंभीर आरोप है।

वेतन पोर्टल में हेरफेर कर किया गबन

जानकारी के अनुसार, आरोपी सब-इंस्पेक्टर (SI) मुकेश कुमार और सिपाही आशीष 6वीं वाहिनी पीएसी की अकाउंट ब्रांच में तैनात थे। आरोप है कि दोनों ने मिलीभगत कर सरकारी कोषागार पोर्टल के साथ छेड़छाड़ की और पुलिसकर्मियों की सैलरी में हेरफेर कर 10.96 लाख रुपये का गबन किया।

जांच के बाद गिरी गाज

सरकारी खजाने में हुई इस हेराफेरी की भनक लगते ही विभाग ने आंतरिक जांच बैठाई थी। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद उच्चाधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिसिया कार्रवाई और मुकदमा

विभागीय निलंबन के साथ-साथ इन दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा भी कस गया है। इस संबंध में मेरठ के पल्लवपुरम थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या इस खेल में विभाग के कुछ और लोग भी शामिल थे।

 

Voice Of News 24