अस्तित्व बचाने की जंग: रोहिन नदी की कटान के खिलाफ ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

महराजगंज

महराजगंज जनपद के रोहिन नदी की विनाशकारी कटान और क्षतिग्रस्त बांध की मरम्मत की मांग को लेकर शुक्रवार से ग्रामीणों ने हुंकार भर दी है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के रोहिन नदी की विनाशकारी कटान और क्षतिग्रस्त बांध की मरम्मत की मांग को लेकर शुक्रवार से ग्रामीणों ने हुंकार भर दी है। जिला पंचायत सदस्य सुरेश चंद साहनी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने फुर्सतपुर बाजार से पैदल मार्च निकालकर राजगढ़ समय माता मंदिर पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

बाढ़ और कटान से खतरे में दर्जनों गांव
धरने को संबोधित करते हुए सुरेश साहनी ने कहा कि केवलापुर खुर्द का जिनवापुर टोला और सलामतगढ़ का जगपुर गांव रोहिन नदी के मुहाने पर बसे हैं। हर साल नदी की कटान गांव की ओर बढ़ रही है, जिससे कई गांवों का अस्तित्व खतरे में है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जिला प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

क्षतिग्रस्त बांध बढ़ा रहा तबाही का डर
सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने चेतावनी दी कि चानकी गांव से आराजी सुबाइन तक बांध पूरी तरह जर्जर हो चुका है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं हुई, तो आगामी बाढ़ में क्षेत्र में भारी तबाही मच सकती है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक प्रशासन स्थायी समाधान का लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक यह जन आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान अंगद चौहान, धर्मेंद्र सिंह, विद्यासागर यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे। ग्रामीणों की नारेबाजी से क्षेत्र में शासन-प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

 

 

Voice Of News24