बलरामपुर: आयुष्मान कार्ड के नाम पर जमीन हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 3 जालसाज गिरफ्तार

बलरामपुर

आयुष्मान कार्ड बनवाने के बहाने किसानों की कीमती जमीन धोखाधड़ी से बैनामा कराने वाले एक बड़े गिरोह का बलरामपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


आयुष्मान कार्ड बनवाने के बहाने किसानों की कीमती जमीन धोखाधड़ी से बैनामा कराने वाले एक बड़े गिरोह का बलरामपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना गैण्डास बुजुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जालसाजी में शामिल तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आयुष्मान कार्ड का झांसा देकर लाखों की जमीन हड़पी

घटना का खुलासा तब हुआ जब नन्दौरी निवासी शत्रोहन पुत्र भागीरथ ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसे आयुष्मान कार्ड बनवाने का झांसा दिया और धोखे से उसकी 0.3680 हेक्टेयर (विभिन्न गाटा संख्या) जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। जालसाजों ने इस पूरी साजिश के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए थे।

जांच के दौरान पता चला कि जिस जमीन का बैनामा मात्र 2 लाख रुपए में कराया गया था, उसका सर्किल रेट 7.40 लाख रुपए था। जबकि बाजार मूल्य लगभग 25 लाख रुपए आंका गया है। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि अभियुक्तों ने पीड़ित के खाते में केवल 25 हजार रुपए भेजकर कूटरचित तरीके से रजिस्ट्री करवा ली थी।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर गैण्डास बुजुर्ग थाना पुलिस ने 17 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने तीनों नामजद अभियुक्तों को हासिमपारा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सियाराम पुत्र भग्गन (50), मुन्नूलाल पुत्र कुट्टुर (44) और शब्बीर अहमद पुत्र अब्दुल शकुर (60) शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है 318(4) (धोखाधड़ी), 338 (कूटरचित दस्तावेज), 336(3), 340(2), 352, 351(3) और 61(1)।

इस पूरे खुलासे में उपनिरीक्षक किसलय मिश्र, उपनिरीक्षक शरद कुमार अवस्थी, कांस्टेबल देवाशीष मिश्र, नीरज यादव, अविनाश तिवारी और श्रीकान्त की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल, तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। रजिस्ट्री ऑफिस से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकार के भू-माफियाओं और जालसाजों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा ताकि भोले-भाले ग्रामीणों को ठगी से बचाया जा सके।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.