महराजगंज: DM और SP ने ‘वन स्टॉप सेंटर’ का किया औचक निरीक्षण, संवासिनियों से की बात

महराजगंज

महराजगंज जनपद में मिशन शक्ति 5.0 के तहत आज गुरुवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद में मिशन शक्ति 5.0 के तहत आज गुरुवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सेंटर की व्यवस्थाओं और सुरक्षा का जायजा लिया।

संवासिनियों ने सुविधाओं पर जताई संतुष्टि

निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सेंटर में रह रही छह संवासिनियों और एक मानसिक मंदित बालिका से सीधे बातचीत की। उन्होंने भोजन, पानी, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। संवासिनियों ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं है और उन्हें समय पर भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया जाता है। अधिकारियों ने उन्हें स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करते हुए परिसर का निरीक्षण किया और खुले स्थानों के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर, जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को सेंटर की बाउंड्री वॉल का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।

दोनों अधिकारियों ने किचन, शौचालय और स्नानागार की स्वच्छता की भी समीक्षा की और उन्हें यथावत बनाए रखने के निर्देश दिए।

रिकॉर्ड और सुविधाओं पर फोकस

जिलाधिकारी ने कार्मिक उपस्थिति रजिस्टर, पुलिस चौकी रोस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की। उन्होंने विशिष्ट अतिथियों के भ्रमण के लिए एक अलग हस्ताक्षर पंजिका बनाने और अभिभावकों के लिए प्रतीक्षार्थ शेड निर्माण का भी निर्देश दिया।

अंत में, जिलाधिकारी ने सभी कर्मियों को संवासिनियों के हित में पूरी निष्ठा से काम करने और सेंटर के वातावरण को सद्भावपूर्ण बनाए रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव, केंद्र प्रशासक ऋचा मिश्रा, महिला पुलिस चौकी इंचार्ज राजकुमारी शुक्ला सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

 

Voice Of News 24