सिद्धार्थनगर: नवरात्रि में दुर्गा मंदिर तोड़ने पर हंगामा, सांसद जगदंबिका पाल धरने पर बैठे

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर: जनपद में नवरात्रि के दौरान दुर्गा मंदिर तोड़े जाने को लेकर बुधवार को भारी हंगामा हुआ। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट । 

 

सिद्धार्थनगर जनपद में नवरात्रि के दौरान दुर्गा मंदिर तोड़े जाने को लेकर बुधवार को भारी हंगामा हुआ। विकास भवन की सरकारी दीवार से सटे इस मंदिर को प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार देर रात ढहा दिया था। बुधवार सुबह जब लोगों ने मंदिर को गिरा हुआ देखा, तो वे भड़क उठे और विरोध प्रदर्शन करते हुए विकास भवन पहुंच गए।

इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सांसद जगदंबिका पाल अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई हल नहीं निकला तो वह दोपहर 3 बजे धरने पर बैठ गए। सांसद ने जिला प्रशासन की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “नवरात्रि के समय देवी प्रतिमाओं को तोड़कर जिला प्रशासन ने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।” इस दौरान भीड़ ने ‘डीएम मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए।

करीब 6 घंटे तक चले इस हंगामे और धरने के बाद, कमिश्नर अखिलेश सिंह ने हस्तक्षेप किया। कमिश्नर ने सांसद को आश्वासन दिया कि जिन्होंने भी यह गलत काम किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर के आश्वासन के बाद सांसद ने अपना धरना समाप्त किया।

 

 

 

Voice of News 24