सिद्धार्थनगर: ‘मिशन शक्ति’ के तहत छात्रा सुभद्रा बनीं एक दिन की बीएसए, दी अधिकारियों को हिदायतें

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5’ अभियान के तहत आज एक अनूठी पहल की गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5’ अभियान के तहत आज एक अनूठी पहल की गई। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, उसका बाजार की कक्षा 9 की छात्रा सुभद्रा पांडेय को एक दिन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का पदभार सौंपा गया। सुभद्रा ने इस दौरान एक अधिकारी की तरह कार्य करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं पर जोर

बीएसए के रूप में सुभद्रा ने स्कूलों में साफ-सफाई, मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की शिक्षा, सरकारी सुविधाओं और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने डीसी निर्माण रितेश श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि कस्तूरबा विद्यालय का पुनर्निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

उन्होंने बालिका डीसी से छात्रवृत्ति की जानकारी ली, एफएलएन प्रशिक्षण की प्रगति की समीक्षा की और अध्यापकों का भत्ता जल्द भेजने का निर्देश दिया। इसके अलावा, एमडीएम डीसी को भी रसोइयों का मानदेय समय पर भेजने के लिए कहा।

पुलिस थाने का भी किया दौरा

अपने दिन भर के कार्यक्रम के बाद सुभद्रा अपनी सहपाठियों के साथ महिला थाना पहुंचीं। उन्होंने थानाध्यक्ष से साइबर सेल, मिशन शक्ति सेल और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर वास्तविक बीएसए शैलेश कुमार, मिशन शक्ति के जिला नोडल अधिकारी पशुपतिनाथ दुबे, वार्डन निशा सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

एक दिन का बीएसए बनने का अनुभव साझा करते हुए सुभद्रा ने कहा कि यह उनके लिए बहुत खुशी का पल था। उन्होंने यह भी बताया कि अब वह और अधिक मेहनत से पढ़ाई करेंगी ताकि एक दिन अपना बड़ा अधिकारी बनने का सपना पूरा कर सकें।