फरेंदा में संपूर्ण समाधान दिवस: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने संयुक्त रूप से सुनी जनता की शिकायतें, जल्द कार्रवाई के दिए निर्देश

फरेंदा

महराजगंज जनपद में आज सोमवार को फरेंदा तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने संयुक्त रूप से जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

जिलाधिकारी -पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, संबंधित अधिकारियों को तुरंत उनके निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को भूमि विवादों के समाधान में निष्पक्षता और पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुँचना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी कि थानों पर आने वाले हर फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता से दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में आने वाले मामलों को हल्के में न लें। उन्होंने कहा कि इस मंच का मकसद यह है कि जनता को बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया।

इस अवसर पर एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम, नायब तहसीलदार अंकित अग्रवाल और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। ग्रामीणों ने डीएम-एसपी के सामने अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

 

Voice Of News 24