महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर खाद तस्करी बेलगाम, किसान परेशान

महराजगंज

महराजगंज जनपद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों के हाई अलर्ट के बावजूद खाद की तस्करी धड़ल्ले से जारी है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

महराजगंज जनपद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों के हाई अलर्ट के बावजूद खाद की तस्करी धड़ल्ले से जारी है। तस्कर किसानों के हक का खाद नेपाल में दोगुने दामों पर बेचकर खूब मुनाफा कमा रहे हैं, जबकि यहां के किसान खाद के लिए तरस रहे हैं।

खेती का सीजन नजदीक आते ही तस्कर और भी सक्रिय हो गए हैं। वे खाद दुकानदारों और सोसाइटियों से मिलीभगत कर तस्करी को अंजाम दे रहे हैं। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी के पीछे बंधा, चालीस कड़िया, राजाबारी, टडहवा, मरचहवां और बरगदवां थाना क्षेत्र के पडियाताल, पिपरा, अशोकवां, चकरार जैसे इलाके खाद तस्करी के हॉटस्पॉट बन गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र तस्करों के लिए एक सुरक्षित जोन की तरह हो गया है।

रामकेवल गुप्ता,धनंजय सिंह, सुखलाल यादव, रामवृक्ष भारती, रामराज साहनी, सूर्यभान यादव, मनोज विश्वकर्मा, ठगई, जीतई प्रसाद चौधरी आदि ने बताया कि जिले में जरूरत से ज्यादा खाद की आपूर्ति होने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पाती, क्योंकि तस्कर दुकानदारों से मिलकर किसानों का खाद सीमा पार नेपाल ले जाते हैं और मोटा मुनाफा कमाते हैं। इस अवैध व्यापार से सरकार को हर साल करोड़ों रुपये की सब्सिडी का नुकसान होता है और क्षेत्र में हमेशा खाद की कमी बनी रहती है।

इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस खाद तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पूरी तरह से सतर्क है और यदि कोई तस्कर खाद के साथ पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

Voice Of News 24