बलरामपुर: मुख्यमंत्री उद्यम ऋण योजना में धोखाधड़ी, बैंक मैनेजर और सहयोगी गिरफ्तार,पुलिस को मिली बड़ी सफलता

बलरामपुर

बलरामपुर जनपद की पुलिस ने मुख्यमंत्री उद्यम ऋण योजना के तहत स्वीकृत ऋण में धोखाधड़ी करके रुपये हड़पने के मामले में बड़ा खुलासा किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

बलरामपुर जनपद की पुलिस ने मुख्यमंत्री उद्यम ऋण योजना के तहत स्वीकृत ऋण में धोखाधड़ी करके रुपये हड़पने के मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस धोखाधड़ी में शामिल बैंक मैनेजर और उसकी सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना थाना रेहरा बाजार की है।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि जुवारा निवासी सुनील कुमार वर्मा पुत्र हनुमान वर्मा ने कुछ दिन पहले पुलिस अधीक्षक को एक शिकायत पत्र दिया था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ऋण योजना के तहत उन्हें 9 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे, लेकिन इंडियन बैंक मैनेजर और सीएससी संचालक, जो बैंक मैनेजर का सहयोगी था, ने मिलकर धोखाधड़ी करके 99 हजार रुपये देकर शेष राशि हड़प ली। पुलिस ने धारा 420, 409, 120बी के तहत मामला दर्ज किया।

एएसपी ने बताया कि पीड़ित के शिकायत पत्र पर जल्द कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया। जांच में घटना सही पाए जाने पर क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र सिंह ने आरोपी बैंक मैनेजर अयोध्या प्रसाद पुत्र शिवपूजन जौहरी, निवासी मिठाई वाटिका मनिकापुर, जनपद गोंडा, और बैंक मैनेजर के सहयोगी बृजेश कुमार सिंह पुत्र अयोध्या प्रसाद सिंह, निवासी अधीनपुर, थाना रेहरा बाजार, की गिरफ्तारी के आदेश दिए।

प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार दुर्गेश कुमार सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक शिव लखन सिंह, समर बहादुर सिंह, प्रभात पाल और कांस्टेबल दीपक कुमार को सूचना मिली कि आरोपी रेहरा बाजार के दतौली पुल के पास मौजूद हैं। सूचना पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को थाने लाया गया और फिर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Voice Of News 24