Voice Of News 24
04 Oct 2024 23:25 PM
सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर के एक निजी स्कूल में फीस के लिए बच्चों को धूप में बैठाने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर के एक निजी स्कूल में फीस के लिए बच्चों को धूप में बैठाने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। गुरुवार को एसडीएम की अगुवाई में विद्यालय को सील कर दिया गया। इसके साथ ही बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी) की तहरीर पर स्कूल के खिलाफ बच्चों को प्रताड़ित करने और अभिभावकों को धोखे में रखकर दाखिला लेने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीईओ ओपी मिश्र ने तहरीर में आरोप लगाया है कि स्कूल के प्रधानाचार्य शैलेश कुमार त्रिपाठी ने फीस न जमा करने पर बच्चों को गेट के बाहर धूप में बैठाकर अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला डीएम के संज्ञान में आने पर उन्होंने एसडीएम कल्याण सिंह मौर्या और प्रधानाचार्य समर बहादुर सिंह की दो सदस्यीय जांच टीम का गठन किया। जांच में पाया गया कि स्कूल की मान्यता नहीं थी और बच्चों को प्रताड़ित करने के आरोप सही थे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम के निर्देश पर इटवा पुलिस ने बीईओ की तहरीर के अनुसार यथोचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ श्रीप्रकाश यादव ने पुष्टि की कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, बीएसए (बेसिक शिक्षा अधिकारी) को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द बच्चों का दाखिला किसी अन्य विद्यालय में कराएं ताकि उनकी पढ़ाई और सत्र बाधित न हो।
महराजगंज : एंटीकरप्शन टीम ने लेखपाल सहित अन्य लोगों को घुस लेते समय धरा, तो लेखपालों की टोलियों ने थाने का किया घेराव
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 4, 2024













