महराजगंज

जनपद महराजगंज के सीमावर्ती क्षेत्र में खाद की अवैध खरीद-बिक्री, भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ कृषि विभाग एवं पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

जनपद महराजगंज के सीमावर्ती क्षेत्र में खाद की अवैध खरीद-बिक्री, भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ कृषि विभाग एवं पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में ठूठीबारी में छापेमारी के दौरान दो अलग-अलग गोदामों से कुल 16 बोरी खाद बरामद की गई। बरामद खाद में 13 बोरी डीएपी और 3 बोरी यूरिया शामिल है। जांच के दौरान खाद से संबंधित वैध कागजात नहीं मिलने पर जिला कृषि अधिकारी की शिकायत पर दो कारोबारियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर 2026 को ठूठीबारी पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राधा कुमारी इंटर कॉलेज के सामने स्थित दुकानों के कटरे में छापेमारी की। यहां भरवलिया टोला निवासी यूनुस अली के गोदाम की तलाशी लेने पर एक बोरी भारत डीएपी और तीन बोरी भारत यूरिया बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने मरचहवा रोड निवासी तबारक अली के गोदाम पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 12 बोरी डीएपी बरामद की गई। इस तरह दोनों गोदामों से कुल 16 बोरी खाद मिली। जांच में खाद के भंडारण और खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
मामले में जिला कृषि अधिकारी की शिकायत पर यूनुस अली और तबारक अली के खिलाफ ठूठीबारी कोतवाली में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कृषि विभाग के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में सब्सिडी वाली खाद की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस और वैध दस्तावेजों के खाद का भंडारण एवं बिक्री करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दबकर दो वर्षीय मासूम हिमांशु की दर्दनाक मौत, मां की चीखों से दहला गांव
https://t.co/qZcDnpWViS
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 20, 2026



















