बरसठी

जौनपुर जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में रविवार सुबह एक फिल्मी और हैरान कर देने वाला घटनाक्रम देखने को मिला। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में रविवार सुबह एक फिल्मी और हैरान कर देने वाला घटनाक्रम देखने को मिला। प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी एक युवती सुबह करीब 6 बजे गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उसकी शादी उसके प्रेमी से नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगी।
टावर पर युवती को चढ़ा देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर हजारों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बरसठी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और परिजनों ने युवती को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक मान-मनौव्वल किया, लेकिन वह अपनी जिद से टस से मस नहीं हुई।
करीब चार घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार सुबह लगभग 10:30 बजे युवती के प्रेमी अभिजीत गौतम को मौके पर बुलाकर टावर पर चढ़ाया गया। टावर की ऊंचाई पर ही दोनों का सिंदूरदान कराया गया। शादी की रस्म पूरी होने के बाद युवती खुश होकर अपने प्रेमी के साथ सुरक्षित नीचे उतर आई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, युवती नेहा गौतम मीरगंज थाना क्षेत्र के बड़इयागांव (बसेरवा) की रहने वाली है और पिछले तीन महीने से महुआरी गांव स्थित अपने ननिहाल में श्रीनंद के यहां रह रही थी। उसका प्रेमी अभिजीत गौतम भी उसी के गांव बड़इयागांव का निवासी है। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। फिलहाल, यह अनोखी शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों के तबादले https://t.co/eK7E1tibbE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 14, 2026



















