इटवा

सिद्धार्थनगर जनपदीय एन्टी थेफ्ट टीम, सर्विलांस सेल और थाना इटवा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपदीय एन्टी थेफ्ट टीम, सर्विलांस सेल और थाना इटवा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इटवा कस्बे के बेनीनगर स्थित ऑनलाइन डिलीवरी लिमिटेड प्वाइंट के ऑफिस व गोदाम में हुई चोरी की वारदात का सफल अनावरण करते हुए शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कंपनी का एक पूर्व कर्मचारी भी शामिल है, जिसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया लैपटॉप, एलसीडी मॉनिटर, एप्पल सहित तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
रविवार के नकद कलेक्शन की लालच में पूर्व कर्मचारी ने रची थी साजिश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अभिषेक महाजन के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष इटवा अनिल दुबे के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को बदलिया चौराहे के पास चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी हरीश मौर्य ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह पूर्व में इसी डिलीवरी लिमिटेड ऑफिस में काम करता था। उसे जानकारी थी कि पूरे सप्ताह का नकद कलेक्शन रविवार को सबसे अधिक होता है और सोमवार को बैंक में जमा किया जाता है। इसी लालच में उसने अपने दो दोस्तों—आकाश कुमार और सर्वेश त्रिपाठी के साथ मिलकर योजना बनाई और 23/24 अगस्त 2026 की रात ऑफिस के रोशनदान का कांच तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों व बरामदगी का विवरण
पुलिस ने थाना इटवा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 190/2026 (धारा 305A, 331A, 317(2) बीएनएस) से संबंधित निम्नलिखित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय रवाना किया है:
हरीश मौर्य (पुत्र नरेश मौर्य, निवासी ग्राम लगईडीह सरोथर कठौतिया, थाना त्रिलोकपुर, जनपद सिद्धार्थनगर)
आकाश कुमार (पुत्र जयंती प्रसाद, निवासी ग्राम मनीजोत, थाना त्रिलोकपुर, जनपद सिद्धार्थनगर)
सर्वेश त्रिपाठी (पुत्र सूर्यमणि त्रिपाठी, निवासी ग्राम लगईडीह सरोथर कठौतिया, थाना त्रिलोकपुर, जनपद सिद्धार्थनगर)
बरामद माल का विवरण
01 अदद एचपी (HP) का लैपटॉप
01 अदद एलसीडी (LCD) मॉनिटर
03 मोबाइल फोन (01 एप्पल, 01 सैमसंग और 01 वीवो कंपनी का)
₹1,000/- नकद
खुलासा करने वाली संयुक्त पुलिस टीम
इस सफल अनावरण में एन्टी थेफ्ट टीम प्रभारी उ.नि. ओ.पी. मिश्रा, सर्विलांस सेल प्रभारी उ.नि. शशिकान्त, थाना इटवा के उ.नि. हरिओम कुशवाहा, उ.नि. सुनील कुमार त्रिपाठी, उ.नि. सुरेश कुमार, आरक्षी राकेश मौर्या, संजीव कुमार, मनीष कुमार, रमाकांत यादव तथा एन्टी थेफ्ट टीम के हे.का. जनार्दन प्रजापति, इन्द्रेश यादव, रमेश कुमार, धर्मेन्द्र और का. अभिनन्दन सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
महराजगंज : राप्ती नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे रमेश का शव बरामद, कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के भरगाई में मिला शव। https://t.co/MnPxWgsh3O
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 13, 2026



















