बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित भईपुर दौराहे पर संचालित जीवन ज्योति अस्पताल में प्रसव के दौरान एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित भईपुर दौराहे पर संचालित जीवन ज्योति अस्पताल में प्रसव के दौरान एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हालांकि, राहत की बात यह है कि नवजात बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है।
ऑपरेशन के दौरान बिगड़ी तबीयत
गांव डूंगराजाट निवासी पीड़ित पति विष्णु ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने अपनी पत्नी कविता देवी को 31 अक्टूबर को जहांगीराबाद स्थित जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि 1 नवंबर को डॉ. रोबिन और डॉ. आमिर ने ऑपरेशन की तैयारी की, जिसमें बाद में डॉ. नितिन गोयल को भी बुलाया गया। ऑपरेशन के दौरान एक महिला अस्पताल कर्मी भी मौजूद थी।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के वक्त लापरवाही के चलते नस कट जाने से कविता का अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लड लॉस) हो गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। बेटी को जन्म देने के बाद जब उसकी हालत बिगड़ी, तो अस्पताल के कर्मचारी परिजनों को बिना बताए उसे एम्बुलेंस से अलीगढ़ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, दो गिरफ्तार
रविवार की देर रात घटना से आक्रोशित परिजन अस्पताल पहुँचे और डॉक्टर व प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
मृतका के पति विष्णु की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर, दो अस्पताल संचालकों और एक महिला कर्मी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जहांगीराबाद कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र राठौर ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर नामजद किए गए अस्पताल संचालक रोबिन और आमिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
सिसवां में हिंदू कल्याण मंच की रामलीला का भव्य समापन: भरत मिलाप और राज्याभिषेक देख नम हुईं आंखें
https://t.co/GqhDaUzRN6
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 2, 2026













