मऊ

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊसरी खुर्द गांव स्थित अमृत सरोवर में नहाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। सरोवर में डूबने से 37 वर्षीय डिम्पल कुमार की मौत हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊसरी खुर्द गांव स्थित अमृत सरोवर में नहाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। सरोवर में डूबने से 37 वर्षीय डिम्पल कुमार की मौत हो गई। करीब साढ़े पांच घंटे तक चले सघन तलाश अभियान के बाद पीएसी की फ्लड टीम ने उनका शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दोस्तों के साथ गए थे नहाने
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिम्पल कुमार सोमवार दोपहर करीब दो बजे अपने एक दोस्त के साथ अमृत सरोवर पर पहुंचे थे। दोनों नहाने के लिए पानी में उतरे, इसी दौरान डिम्पल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। सरोवर के किनारे मछली पकड़ रहे कुछ लोगों ने जब उन्हें डूबते देखा, तो तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी।
स्थानीय गोताखोरों और पीएसी का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से डिम्पल की तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चल सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीएसी की फ्लड टीम को बुलाया गया।
शाम करीब सात बजे पीएसी की फ्लड टीम ने सरोवर में मोर्चा संभाला और महज 45 मिनट के भीतर ही तलाश अभियान पूरा कर डिम्पल का शव पानी से बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुणे में करते थे वेल्डर का काम
परिजन के अनुसार, मृतक डिम्पल कुमार पुणे में रहकर वेल्डर का काम करते थे और कुछ समय के लिए ही गांव आए हुए थे। सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ सरोवर पर नहाने गए थे। हैरानी की बात यह है कि ग्रामीणों ने बताया कि बीते जून महीने में इसी अमृत सरोवर में उपेंद्र राय नाम का व्यक्ति डूब रहा था, तब डिम्पल ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी बहादुरी से उसकी जान बचाई थी। आज उसी सरोवर में डूबने से उनकी अपनी जान चली गई। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद से मां हेवन्ती और पत्नी आरती सहित पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बुलंदशहर: जिलाधिकारी श्री कुमार हर्ष ने गुलावठी में 10 एमएलडी एसटीपी निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता पर जोर
https://t.co/Fj3xhV3KcH
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 6, 2026













