मऊ

मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर खोहिया गांव में बीते 30 सितंबर को मृतक जितेंद्र राजभर के शव का अंतिम संस्कार रोकने और सड़क जाम करने के दौरान पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला करने का मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर खोहिया गांव में बीते 30 सितंबर को मृतक जितेंद्र राजभर के शव का अंतिम संस्कार रोकने और सड़क जाम करने के दौरान पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला करने का मामला सामने आया है। इस उपद्रव में हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि कुछ अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान समेत 31 नामजद और 70 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रतनपुरा चौकी प्रभारी संजय कुमार उपाध्याय की तहरीर के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम भीमपुरा तिराहा से विलौझा मार्ग पर एक मकान के पास जितेंद्र राजभर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक शराब का अधिक सेवन करता था और स्थानीय निवासी पप्पू गुप्ता के यहां मजदूरी व वाहन चलाने का काम करता था। घटना के दिन भी उसके अधिक शराब पीने और सीढ़ी के पास पड़े होने की बात सामने आई थी।
शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए पप्पू गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और आर्थिक मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया था। हालांकि, पुलिस के समझाने-बुझाने पर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया था। लेकिन जब शव गांव पहुंचा, तो भीड़ दाह संस्कार न करने की जिद पर अड़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस का आरोप है कि ग्राम प्रधान राम प्रवेश राजभर और विश्राम राजभर के उकसाने पर भीड़ ने पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए ललकारा और अचानक ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस हिंसक झड़प में हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सीएचसी जोगापुर रतनपुरा भेजा गया। भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी के बाद 1 अक्टूबर को कड़ी मशक्कत के बाद अंतिम संस्कार संपन्न कराया जा सका। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
लखनऊ में भाजपा का सियासी हमला: सपा के 34 साल पूरे होने पर जारी किया ‘पाप का घड़ा’
https://t.co/GM0tb9M7eN
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 5, 2026












