नहर में मछली पकड़ने उतरे युवक पर घड़ियाल के हमले की आशंका, गहरे पानी में लापता वन विभाग, पुलिस, एसएसबी और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम तलाश में जुटी, गांव में मचा हड़कंप

महराजगंज

महराजगंज जनपद के निचलौल सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत गेडहवां गांव के पास सोमवार को टेल फॉल नहर में मछली पकड़ने के दौरान एक युवक के गहरे पानी में लापता होने से हड़कंप मच गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

 

महराजगंज जनपद के निचलौल सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत गेडहवां गांव के पास सोमवार को टेल फॉल नहर में मछली पकड़ने के दौरान एक युवक के गहरे पानी में लापता होने से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पर पानी में मौजूद घड़ियाल ने हमला किया और उसे गहरे पानी की ओर खींच ले गया। हालांकि, वन विभाग ने अभी घड़ियाल के हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

लापता युवक की पहचान गेडहवां निवासी छांगुर उर्फ छबिलाल (36) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को छांगुर अपने भाई झन्नु, पड़ोसी उमेश और कुछ अन्य लोगों के साथ नाव से टेल फॉल नहर में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान छांगुर नाव से पानी में उतरे। साथ मौजूद लोगों के मुताबिक, इसी बीच पानी में मौजूद घड़ियाल ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया।

घटना के बाद साथ मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। वन विभाग, पुलिस, एसएसबी और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से लापता युवक की तलाश शुरू की। काफी देर तक अभियान चलाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और वनकर्मियों की टीम मौके पर मौजूद है। लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को घड़ियाल ने खींचा या उसके साथ कोई अन्य घटना हुई, यह शव या ठोस साक्ष्य मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लापता युवक की तलाश कराई जा रही है। घटना के बाद गेडहवां गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.