महराजगंज
महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुलरिहा कला में मंगलवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुलरिहा कला में मंगलवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ खेत में धान की रोपाई करने के दौरान एक 18 वर्षीय युवक की पोखरे में डूबने से असामयिक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से ही मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
हाथ-पैर धोने गया था युवक, पैर फिसलने की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गुलरिहा कला (टोला पोखर भिटवा) निवासी गुलाम वारिस (18 वर्ष) पुत्र वारिस अली मंगलवार को अपने खेत में धान की रोपाई का काम कर रहा था। दोपहर के समय काम खत्म करने के बाद वह हाथ-पैर धोने के लिए खेत के ही समीप स्थित एक पोखरे पर गया था। आशंका जताई जा रही है कि पोखरे के किनारे अचानक उसका पैर फिसल गया, जिसके कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
युवक को डूबता देख और घटना की भनक लगते ही चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पोखरे के गहरे पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लक्ष्मीपुर ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सुपुर्द
घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विधिक कार्रवाई शुरू की। हालांकि, मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया और इस संबंध में पुलिस प्रशासन को एक लिखित अनुरोध पत्र सौंपा। परिजनों की मांग और लिखित सहमति के आधार पर पुलिस ने पंचनामे की औपचारिकता पूरी कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सिद्धार्थनगर: केजी बांध मार्ग पर बड़ा हादसा टला, सड़क धंसने से फंसी स्कूली बच्चों से भरी बस,प्रशासन की लापरवाही उजागर: ग्रामीणों ने मशक्कत कर सुरक्षित निकाली बसhttps://t.co/Dn0qR74kOq
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 9, 2026












