सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने, सुगम यातायात व्यवस्था स्थापित करने और सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने, सुगम यातायात व्यवस्था स्थापित करने और सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में गुरुवार को यातायात पुलिस टीम द्वारा नगर के राजकीय इंटर कॉलेज सिद्धार्थनगर में एक वृहद और विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों के प्रति संवेदित किया गया।
गुड समेरिटन योजना और 25 हजार के पुरस्कार के बारे में बताया
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रभारी निरीक्षक यातायात अजय कुमार सिंह यादव ने अपनी टीम के साथ विद्यार्थियों को यातायात के विभिन्न नियमों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने विशेष रूप से शासन द्वारा चलाई जा रही ‘गुड समेरिटन (नेक फरिश्ता) योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई नागरिक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर (सड़क हादसे के तुरंत बाद का पहला घंटा) के भीतर अस्पताल पहुँचाता है, तो उसे सरकार की तरफ से ₹25,000 का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है। ऐसे मददगारों को पुलिस या कोर्ट के चक्कर भी नहीं काटने पड़ते।
नाबालिगों के वाहन चलाने और स्टंटबाजी पर कानूनी कड़ाई
यातायात प्रभारी ने छात्र-छात्राओं को सख्त लहजे में सचेत किया कि नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाना पूरी तरह से गैर-कानूनी है। ऐसा करने पर उनके अभिभावकों के खिलाफ भारी जुर्माने और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं में बढ़ती स्टंटबाजी, तेज रफ्तार (ओवर स्पीडिंग), कानफोड़ू साइलेंसर का प्रयोग करने और गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाने से होने वाले जानलेवा दुष्परिणामों और उनके कानूनी दंड के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया।
छात्रों को बनाया ‘यातायात दूत’, बांटे गए पंपलेट
पुलिस टीम ने उपस्थित विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे खुद तो नियमों का पालन करें ही, साथ ही अपने माता-पिता, भाई-बहन और आस-पड़ोस के लोगों को भी हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने के लिए टोकें। कार्यक्रम के अंत में यातायात पुलिस द्वारा सभी छात्रों और शिक्षकों को नियमों से संबंधित जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।
इस ज्ञानवर्धक और सुरक्षात्मक कार्यक्रम के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण, पैरामेडिकल स्टाफ एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ बुधवार को सिसवा विधानसभा के तहसील निचलौल सभागार में भव्य रूप से संपन्न हुआ। pic.twitter.com/BqDFpiDB03
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 9, 2026












