दिल्ली: यौन शोषण मामले में आज राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होंगे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, बयानों पर बहस होगी शुरू

दिल्ली/गोंडा

दिल्ली/गोंडा महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए कथित यौन शोषण के मामले में आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में एक बेहद महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


दिल्ली/गोंडा महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए कथित यौन शोषण के मामले में आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में एक बेहद महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है। इस मामले के मुख्य आरोपी और गोंडा की कैसरगंज सीट से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह दोपहर 2 बजे अपने कानूनी सलाहकारों के साथ कोर्ट में पेश होंगे। आज की सुनवाई से दोनों पक्षों के दर्ज बयानों पर अंतिम बहस (Arguments) की शुरुआत होगी।

बयान दर्ज होने की प्रक्रिया पूरी, अंतिम दौर में सुनवाई

इस संवेदनशील मामले की सुनवाई अब अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में तेज गति से चल रही है। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि मामला अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। कोर्ट में मामले से जुड़े सभी पक्षों बृजभूषण शरण सिंह, पीड़ित महिला पहलवानों, दिल्ली पुलिस के जांच अधिकारी और मामले की तफ्तीश के लिए गठित एसआईटी के सदस्यों के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं।

पहलवानों ने चार्जशीट के बयानों को ही दोहराया, बृजभूषण ने पेश किए 5 गवाह

सुनवाई के दौरान पीड़ित महिला पहलवानों ने दिल्ली पुलिस की चार्जशीट (आरोप पत्र) में दिए गए अपने पुराने बयानों को ही कोर्ट के सामने दोहराया है और कोई नया बयान दर्ज नहीं कराया है। दूसरी तरफ, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपने बचाव और बेगुनाही को साबित करने के लिए कोर्ट में पांच से अधिक गवाहों के बयान दर्ज करवाए हैं।

जल्द फैसले की उम्मीद- बृजभूषण शरण सिंह

कोर्ट में पेशी से पहले पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “सभी पक्षों के बयान दर्ज होने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और आज मैं कोर्ट में उपस्थित रहूँगा, जहां से आगे की कानूनी बहस शुरू होगी। हमें देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि जल्द ही इस पूरे मामले में माननीय अदालत द्वारा अंतिम फैसला सुनाया जाएगा।”

 

Voice Of News24