बुलंदशहर: अनूपशहर मार्ग पर ई-रिक्शा को बचाने में पलटा टेंपो,संभल के युवक की मौत, बाइक सवार दंपति सहित 5 गंभीर रूप से घायल

अनूपशहर (बुलंदशहर)

करनपुर गांव के पास हुआ भीषण हादसा, टेंपो को बचाने के चक्कर में बाइक भी आई चपेट में।गाजियाबाद में गोलगप्पे बेचकर परिवार चलाता था मृतक सतवीर, मौत से परिजनों में कोहराम।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग पर स्थित गांव करनपुर के समीप सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक ई-रिक्शा को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में टेंपो सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है।

बहन के घर जाते समय करनपुर के पास हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार बताते चले की जनपद संभल के थाना धनारी अंतर्गत ग्राम बगढ़ेर उर्फ शाहपुर निवासी सतवीर यादव (40 वर्ष) पुत्र मोहर सिंह, सोमवार सुबह गाजियाबाद से टेंपो द्वारा अपने जीजा ओमवीर और सुरेंद्र के साथ अपनी बहन के गांव हिरोनी (थाना रजपुरा, संभल) जा रहा था। जैसे ही उनका टेंपो अनूपशहर मार्ग पर करनपुर गांव के पास पहुंचा, तभी सामने आए एक ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में चालक ओमवीर संतुलन खो बैठा। टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया।

गंगा स्नान करने जा रहे बाइक सवार दंपति व बेटी भी चपेट में आए

टेंपो के पलटने के दौरान ही सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल उसकी चपेट में आ गई। बाइक पर सवार वीरपाल, उनकी पत्नी कमलेश और बेटी साधना निवासी ग्राम सिरसा, थाना रजपुरा, संभल भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वीरपाल अपने गांव से अनूपशहर गंगा स्नान करने के बाद बेटी की दवाई लेने सिकंदराबाद जा रहे थे।

अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया, पांच रेफर

चीख-पुकार सुनकर मौके पर दौड़े स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर टेंपो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अनूपशहर सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सतवीर यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल ओमवीर, सुरेंद्र, वीरपाल, कमलेश और साधना की हालत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया है।

तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक सतवीर के परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि सतवीर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह गाजियाबाद में गोलगप्पे (पानी-पूरी) का ठेला लगाकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद उसके तीन बेटों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामले की जानकारी देते हुए अनूपशहर कोतवाल जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया था। मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Voice Of News 24

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.