सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तीकरण व उनकी सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक बेहद सुखद और प्रेरणादायी वाकया सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तीकरण व उनकी सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक बेहद सुखद और प्रेरणादायी वाकया सामने आया है। गुरुवार को आयोजित ‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने एक मेधावी छात्रा की आर्थिक व तकनीकी समस्या को संवेदनशीलता से सुना। डीएम ने न केवल मौके पर ही छात्रा को एक नया स्मार्टफोन उपलब्ध कराया, बल्कि उसकी पढ़ाई अनवरत जारी रखने के लिए एक वर्ष तक की इंटरनेट सुविधा भी सुनिश्चित कराई।
ऑनलाइन क्लास छूटने से परेशान थी कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा काजल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांसी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा-09 में पढ़ने वाली छात्रा काजल ने कार्यक्रम के दौरान सीधे जिलाधिकारी के समक्ष अपनी गुहार लगाई थी। छात्रा काजल ने अत्यंत भावुक होकर बताया कि वर्तमान में चल रही भीषण गर्मी की छुट्टियों के कारण स्कूल बंद हैं और विद्यालय द्वारा ऑनलाइन माध्यम से कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
चूंकि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और उसके पास कोई मोबाइल फोन या स्मार्टफोन उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण वह इन ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल नहीं हो पा रही थी। पढ़ाई छूटने की वजह से उसका भविष्य प्रभावित हो रहा था।
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना से तत्काल मिली तकनीकी संजीवनी
छात्रा की इस गंभीर और वाजिब समस्या को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने अत्यंत गंभीरता से लिया। उन्होंने बेटी की पढ़ाई के प्रति ललक को सराहते हुए तत्काल मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ राष्ट्रीय अभियान के बजट के अंतर्गत प्रशासनिक स्तर पर छात्रा काजल को एक बेहतरीन स्मार्टफोन सप्रेम भेंट किया गया।
इतना ही नहीं, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोबाइल के साथ-साथ बेटी को अगले एक साल तक का डेटा भी दिया जाए, ताकि बिना किसी वित्तीय बाधा के वह अपनी नियमित ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल लर्निंग को जारी रख सके। स्मार्टफोन पाते ही छात्रा के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
शिक्षा में कोई भी समस्या नहीं बनेगी बाधा: जिलाधिकारी
इस मानवीय और त्वरित सहयोग के अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने दृढ़ता से कहा, सिद्धार्थनगर के किसी भी छात्र या छात्रा की आर्थिक, सामाजिक या तकनीकी समस्या को उसकी राह का रोड़ा और शिक्षा में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। प्रशासन ऐसे हर जरूरतमंद बच्चे के साथ मजबूती से खड़ा है। अंत में उन्होंने छात्रा काजल की पीठ थपथपाते हुए उसे पूरी निष्ठा और मन लगाकर पढ़ाई करने तथा भविष्य में एक सफल नागरिक बनकर देश व जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
#महराजगंज: निचलौल में दर्दनाक हादसा! विशनपुरा में आम तोड़ते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर रघुवीर चौहान की मौत। सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, pic.twitter.com/MZu8N1PxZj
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 22, 2026






















