बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के पुलिस लाइन परिसर में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर परेड की सलामी ली।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के पुलिस लाइन परिसर में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर परेड की सलामी ली। इस दौरान एसएसपी ने पुलिस लाइन और विभिन्न थानों से आए पुलिसकर्मियों के टर्न-आउट का गहन निरीक्षण किया। परेड के उपरांत कप्तान ने कानून व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए मातहतों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
हथियार खोलने और येलो टेप से घटनास्थल सुरक्षित करने की कराई कवायद
निरीक्षण के दौरान एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों की व्यावसायिक दक्षता और आपातकालीन तैयारियों को भी परखा। उन्होंने जवानों से मौके पर ही आधुनिक शस्त्रों को खुलवाकर और बंद करवाकर देखा, साथ ही आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशामक यंत्रों के त्वरित प्रयोग की व्यावहारिक कवायद कराई।
इसके अतिरिक्त, किसी भी वारदात या अपराध के बाद साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए ‘येलो टेप’ का उपयोग कर घटनास्थल को कैसे संरक्षित किया जाए, इसकी भी मॉक ड्रिल कराई गई। कप्तान ने स्पष्ट किया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए।
पीआरवी और डायल-112 वाहनों की जांच; मेडिकल किट व नाइट चेकिंग रजिस्टर परखे
परेड के दूसरे चरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थानों के सरकारी वाहनों और यूपी डायल-112 की आपातकालीन पीआरवी (Police Response Vehicle) गाड़ियों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों के ‘नाइट चेकिंग रजिस्टर’ को खंगाला और रात की गश्त को लेकर फीडबैक लिया।
आपातकालीन मेडिकल किट की उपलब्धता,घटनास्थल को सुरक्षित करने वाले येलो टेप की मौजूदगी, और सूचना मिलने पर पुलिस के रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करने के लिए विशेष तकनीकी निर्देश दिए।
आदेश कक्ष में बैठक और पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण
सत्र के समापन पर एसएसपी ने आदेश कक्ष में जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसके बाद उन्होंने पूरी पुलिस लाइन का पैदल भ्रमण कर प्रतिसार निरीक्षक (RI) को बैरकों, कार्यालयों और मैस में हमेशा उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी संपत्ति की उचित देखभाल करने और सभी पुलिस वाहनों की समय-समय पर मेंटेनेंस व तकनीकी चेकिंग कराने की हिदायत दी।
इस महत्वपूर्ण साप्ताहिक परेड और निरीक्षण के अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर प्रखर पाण्डेय सहित पुलिस लाइन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
सिद्धार्थनगर: दीवानी न्यायालय परिसर की दुकानों और वाहन स्टैंड के ठेकों की नीलामी 29 मई कोhttps://t.co/sjIhrohTyi
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 21, 2026






















