कटहल नाला निर्माण की धीमी प्रगति पर प्रशासन सख्त, लापरवाही पर मुकदमा दर्ज कराने की दी चेतावनी

बलिया

बलिया जनपद में मानसून से पूर्व जल निकासी व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से चल रहे कटहल नाला निर्माण एवं सुंदरीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर जिला प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद में मानसून से पूर्व जल निकासी व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से चल रहे कटहल नाला निर्माण एवं सुंदरीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर जिला प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) त्रिभुवन ने कटहल नाला का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के सहायक अभियंता को कड़ी चेतावनी जारी की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि मानसून के आगमन से पहले एक किलोमीटर नाले का निर्माण कार्य और नाले की समुचित सफाई पूरी नहीं हुई, तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बाढ़ या भारी बारिश के दौरान नाला ओवरफ्लो होने से किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति की क्षति होती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

मैनपावर बढ़ाने और प्रतिदिन रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

मुख्य राजस्व अधिकारी ने कार्य की रफ्तार बढ़ाने के लिए निर्माण स्थल पर प्रतिदिन कम से कम 100 कुशल-अकुशल श्रमिकों को काम पर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्था को हर दिन की प्रगति रिपोर्ट (डेली प्रोग्रेस रिपोर्ट) प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि यदि ठेकेदार द्वारा कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बरती जाती है, तो कार्यदायी संस्था तुरंत उसके विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग जैसी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे।

बनाया गया प्रशासनिक अधिकारियों का रोस्टर

परियोजना की प्रशासनिक निगरानी को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के लिए उपजिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार का एक विशेष रोस्टर तैयार किया गया है। ये अधिकारी प्रतिदिन मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे और अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रस्तुत करेंगे। CRO ने बताया कि कटहल नाला के सुंदरीकरण का यह कार्य ग्राम महावलपुर रामपुर महावल से लेकर ग्राम प्रबंधापुर तक लगभग दो किलोमीटर के दायरे में कराया जा रहा है, जिसकी चौड़ाई लगभग 20 मीटर निर्धारित की गई है।

परिवहन मंत्री के प्रयासों से स्वीकृत हुए ₹18 करोड़

बलिया के लिए जीवनदायिनी माने जाने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्रदेश के माननीय परिवहन मंत्री के विशेष प्रयासों से लगभग 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि स्वीकृत की गई है। अधिकारियों का कहना है कि कटहल नाला के इस सुंदरीकरण और चौड़ीकरण से न केवल शहर की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि क्षेत्र में स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे बलिया जनपद को एक नई और सुंदर पहचान मिलेगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, अधिशासी अभियंता (सिंचाई विभाग), सहायक अभियंता (सीएनडीएस) तथा अधिशासी अधिकारी (ईओ) बलिया सहित अन्य प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.