बागापार
महराजगंज जनपद के बागापार क्षेत्र के पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनरा में गुरुवार को वार्षिकोत्सव एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के बागापार क्षेत्र के पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनरा में गुरुवार को वार्षिकोत्सव एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। उल्लास और उत्साह के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम में जहाँ एक ओर बच्चों ने सांस्कृतिक प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं दूसरी ओर मेधावियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया। रंगारंग कार्यक्रमों की श्रृंखला में समूह नृत्य, देशभक्ति गीत और सामाजिक संदेशों से सजे नाटकों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। विशेष रूप से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटकों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा वार्षिकोत्सव जैसे आयोजन बच्चों के भीतर छिपे आत्मविश्वास को बाहर निकालने का सबसे बेहतर माध्यम हैं। ग्रामीण अंचल की इन प्रतिभाओं को यदि सही मंच मिले, तो ये देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि ई. विवेक कुमार गुप्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि किताबी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का विकास भी अत्यंत आवश्यक है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शशिबाला पटेल ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अभिभावकों की भारी उपस्थिति ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।इस दौरान विद्यालय स्टाफ और गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
बुलंदशहर: दानपुर में कुदरत का कहर, बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल बर्बाद, दाने-दाने को मोहताज किसान https://t.co/EYqzW8XBr2
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 9, 2026























