औरैया: हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, घंटों से मचा हड़कंप ,पुलिस और ग्रामीणों के हाथ-पांव फूले

बिधूना

औरैया जनपद के बिधूना थाना क्षेत्र अंतर्गत रूरूखुर्द ग्राम पंचायत से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के बिधूना थाना क्षेत्र अंतर्गत रूरूखुर्द ग्राम पंचायत से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ बरकापुरवा निवासी एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया है। पिछले कई घंटों से युवक टावर की ऊंचाई पर डटा हुआ है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार बताते चले की बरकापुरवा निवासी ब्रह्मानंद यादव उम्र करीब 27-28 वर्ष आज गुरुवार को अचानक गांव के पास स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ने लगा। उसे ऊपर चढ़ता देख ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, लेकिन देखते ही देखते वह टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुँच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बिधूना पुलिस और रूरूगंज चौकी की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुँच गई है। पुलिस और ग्रामीण लगातार युवक को नीचे उतारने के लिए मान-मनौव्वल कर रहे हैं, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराए जाने की सूचना है ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि युवक किसी गहरे मानसिक दबाव या पारिवारिक विवाद के चलते यह आत्मघाती कदम उठा रहा है। करीब 3 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन युवक का हठ जारी है। टावर के नीचे सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा है और माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है।

खबर लिखे जाने तक युवक अभी भी हाईटेंशन टावर पर ही चढ़ा हुआ था। पुलिस प्रशासन उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रणनीति तैयार कर रहा है और परिजनों के माध्यम से भी उसे समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Voice Of News 24