पहासू
बुलंदशहर जनपद के पहासू थाना क्षेत्र के गांव सूरजावली में आज बुधवार को ममता को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के पहासू थाना क्षेत्र के गांव सूरजावली में आज बुधवार को ममता को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ एक सौतेली मां ने अपनी ही 3 साल की मासूम बेटी काव्या की बेरहमी से पिटाई कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
लव मैरिज के एक साल बाद ही मासूमों पर बरपा कहर
जानकारी के अनुसार बताते चले की गांव निवासी विनोद कुमार नोएडा में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। पहली पत्नी मंजू के जाने के बाद विनोद के पास 3 साल की बेटी काव्या और 5 साल का बेटा विराट रह रहे थे। करीब एक साल पहले विनोद ने पूनम (32 वर्ष) से प्रेम विवाह किया था। परिजनों का आरोप है कि पूनम शादी के बाद से ही अक्सर बच्चों के साथ मारपीट करती थी।
बुधवार दोपहर करीब 3 बजे जब घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था, तब पूनम ने दोनों बच्चों पर हमला बोल दिया।
भाई ने भागकर बचाई जान मारपीट के दौरान 5 साल का विराट किसी तरह घर से भाग निकलने में सफल रहा।
मासूम काव्या खुद को नहीं बचा पाई। आरोप है कि पूनम ने उसे इस कदर पीटा कि उसके शरीर पर चोटों के गहरे निशान पड़ गए और उसकी गर्दन तक टूट गई।
मृतका के ताऊ सुनील कुमार ने बताया कि उनकी 6 साल की बेटी ने भागकर उन्हें जानकारी दी कि चाची काव्या को बहुत पीट रही हैं। जब तक वे मौके पर पहुँचे, काव्या जमीन पर बेसुध पड़ी थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मासूम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
शाम करीब 6 बजे जब पिता विनोद नोएडा से गांव पहुँचे, तो बेटी का शव देख उनका कलेजा फट गया। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपनी दूसरी पत्नी पूनम के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पहासू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
सीओ शशांक श्रीवास्तव, शिकारपुर जानकारी देते हुए बताया सुरजावली गांव की घटना है, जहाँ एक महिला द्वारा अपनी सौतेली बेटी की पिटाई की गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई है। आरोपी महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सिद्धार्थनगर: प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की पिटाई पर भड़के परिजन, अध्यापिका पर लगा गंभीर आरोप
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 8, 2026






















