बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद में निजी स्कूल संचालकों द्वारा एनसीईआरटी की जगह निजी पब्लिकेशन की महंगी किताबें लगाने, बेतहाशा फीस वृद्धि और दाखिले के नाम पर अवैध वसूली के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने हुंकार भरी है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में निजी स्कूल संचालकों द्वारा एनसीईआरटी की जगह निजी पब्लिकेशन की महंगी किताबें लगाने, बेतहाशा फीस वृद्धि और दाखिले के नाम पर अवैध वसूली के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने हुंकार भरी है। शनिवार को शहर अध्यक्ष इंजीनियर रवि लोधी की अध्यक्षता में पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर राकेश भाटी के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने निजी स्कूलों और सत्ता पक्ष के गठजोड़ पर तीखे प्रहार किए।
शिक्षा को बना दिया कमाई का धंधा: राकेश भाटी
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राकेश भाटी और उपाध्यक्ष को-ऑर्डिनेटर ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने आरोप लगाया कि सीबीएसई बोर्ड के निजी स्कूल संचालक शिक्षा को सेवा के बजाय एक मुनाफे वाला उद्योग बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में स्कूल संचालक 15 से 40 प्रतिशत तक फीस बढ़ा रहे हैं। इतना ही नहीं, कक्षा 8वीं और 10वीं पास करने वाले पुराने छात्रों से भी दोबारा ‘एडमिशन’ के नाम पर 10-10 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं, जो सरासर गलत है।
निजी पब्लिकेशन और कमीशन का खेल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्कूल संचालक भारी कमीशन के चक्कर में एनसीईआरटी की सस्ती किताबों के स्थान पर निजी पब्लिकेशन की महंगी किताबें लगवा रहे हैं। अभिभावकों को मजबूर किया जा रहा है कि वे एक निश्चित दुकान से ही 3 हजार से 10 हजार रुपये तक का कोर्स खरीदें। इस महंगाई के दौर में यह मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ने जैसा है।
डीएम से शिकायत और आंदोलन की चेतावनी
ठाकुर राकेश भाटी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि स्कूलों की इस मनमानी पर रोक नहीं लगी और जिला प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी बुलंदशहर का घेराव कर प्रशासनिक जांच की मांग करेंगे। शहर अध्यक्ष रवि लोधी और जिला उपाध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर राहुल गांधी के नेतृत्व में सड़क से सदन तक लड़ती रही है और बुलंदशहर में भी अभिभावकों को न्याय दिलाने के लिए पीछे नहीं हटेगी।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व जिला कोषाध्यक्ष आदेश मुद्गल, जिला उपाध्यक्ष अनिल शर्मा सहित कांग्रेस कमेटी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बुलंदशहर: नाबालिग बेटी लापता, युवक पर अपहरण और जेवर चोरी का आरोपhttps://t.co/ZCfnHssY4I
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 4, 2026






















