लखीमपुर खीरी: रास्ते के विवाद में खूनी संघर्ष, ईंट-पत्थर चलने से बुजुर्ग महिला की मौत

लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी जनपद के धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गुलरिया तालुके अमेठी गांव में बुधवार को रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


लखीमपुर खीरी जनपद के धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गुलरिया तालुके अमेठी गांव में बुधवार को रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुराने रास्ते पर मिट्टी डालने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले, जिसमें एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए।

विवाद का कारण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में एक पुराने रास्ते को मिट्टी डालकर अवरुद्ध करने का विरोध करने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। इस हमले में अनारकली (70) गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके अलावा एक ही पक्ष के अवध राम, सोनासर, आरती, तारा देवी और सुमन को भी चोटें आईं।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC रमियाबेहड़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही अनारकली ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

पीड़ित अवध राम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राजकुमार मिश्रा, विजय कुमार, इन्द्र कुमार और कृष्ण कुमार के विरुद्ध हत्या व मारपीट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। धौरहरा थानाध्यक्ष रविन्द्र सोनकर ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों—राजकुमार, विजय और इन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। चौथे फरार आरोपी कृष्ण कुमार की तलाश में दबिश दी जा रही है।

 

Voice Of News 24