झंगहा (गोरखपुर)
गोरखपुर जिले से दर्दनाक घटनाक्रम सामने आया है, जहां ट्रैक्टर से कुचलकर मासूम की मौत हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मालिक-चालक पर केस दर्ज कर लिया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

जनपद गोरखपुर में मंगलवार शाम सड़क किनारे घर जा रहे मासूम को बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक मौके पर ही ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। जब तक ग्रामीण पहुंचे तब तक मासूम ने दम तोड़ दिया।
वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 संवाददाता के मुताबिक, पूरा घटनाक्रम झंगहा थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर गांव के गड़ेरिया टोले का बताया जा रहा है। मृतक मासूम की पहचान विश्वनाथपुर निवासी सोनम के बेटे राज साहनी के रूप में हुई है। छह महीने पहले पिता प्रमोद साहनी की करंट लगने से मौत हो गई है। मंगलवार शाम करीब 7 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक मासूम बालक की मौत हो गई। परिजनों ने इसे दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई हत्या बताया है।
बताया जा रहा है कि राज साहनी अपने घर जा रहा था। इसी दौरान गेहूं लेकर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीण जब तक घटनास्थल पर पहुंचे, बालक की मौत हो चुकी थी।
मृतक के चाचा संतोष ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं है, बल्कि राज को जानबूझकर कुचला गया है। पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर मालिक जगदीश यादव और चालक अभिषेक यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पिता की मौत के बाद इकलौते बेटे राज की मौत से मां सोनम का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्य सदमे में हैं। सूचना मिलने पर झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्म के लिए भेज दिया।
इस संबंध में झंगहा थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी मालिक और चालक फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
Voice Of News 24: गुड माॅर्निंग डे स्पेशल – आज 1 अप्रैल का दिन क्यों है खास
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 1, 2026























