महराजगंज: चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर लेहड़ा दुर्गा मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, जय माता दी के जयकारों से गूँजा आद्रवन

बृजमनगंज

महराजगंज जनपद के बृजमनगंज क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध लेहड़ा दुर्गा माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के बृजमनगंज क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध लेहड़ा दुर्गा माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बुधवार तड़के चार बजे से ही भक्तों का रेला मंदिर पहुंचने लगा था, जो देर रात तक अनवरत जारी रहा।

अष्टमी की महत्ता को देखते हुए श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा के दर्शन के लिए घंटों कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया। रात्रि आठ बजे आयोजित विशेष आरती में बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रतिभाग किया। पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के उद्घोष और भजन-कीर्तनों से गुंजायमान रहा, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

मंदिर के महंत देवी दत्त पाण्डेय ने बताया कि नवरात्रि के इस पुनीत अवसर पर विश्व शांति और जनकल्याण की भावना के साथ विशेष महापूजा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो भक्त सच्ची श्रद्धा और नियमपूर्वक माँ की आराधना करते हैं, जगत जननी उनकी सभी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण करती हैं।

भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। वालंटियर्स और सुरक्षाकर्मी पूरे परिसर में तैनात रहे ताकि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं ने माँ के चरणों में मत्था टेककर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

 

Voice Of News 24