डिबाई: राजघाट चौराहे पर मिले मासूम को पुलिस ने 3 घंटे में परिजनों से मिलाया

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के नरौरा थाना क्षेत्र के राजघाट कल्याण सिंह चौक पर मानवता और पुलिस की तत्परता का एक सुखद उदाहरण सामने आया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


बुलंदशहर जनपद के नरौरा थाना क्षेत्र के राजघाट कल्याण सिंह चौक पर मानवता और पुलिस की तत्परता का एक सुखद उदाहरण सामने आया है। यहाँ रास्ता भटके एक 8 वर्षीय मासूम को राजघाट चौकी पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, राजघाट चौराहे के पास एक बच्चा लावारिस हालत में भटकता हुआ मिला था। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जब बच्चे को रोता हुआ देखा, तो उसे सहारा दिया। बच्चा काफी डरा हुआ था, जिस कारण वह अपना पता बताने में असमर्थ था। पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पहले उसे नाश्ता कराया और शांत किया। इसके बाद क्षेत्र में लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार घोषणा कराई गई।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, घोषणा सुनकर बदहवास माता-पिता मौके पर पहुँचे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चौकी प्रभारी प्रसाद कुमार, योगेश कुमार और प्रदीप कुमार ने बच्चे को परिजनों को सौंप दिया। अपने जिगर के टुकड़े को सही-सलामत पाकर परिजनों की आँखें भर आईं और उन्होंने पुलिस प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।

 

Voice Of News 24