वाराणसी में बीएससी छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, यहां जानें इतनी बड़ी वारदात को कैसे दिया गया अंजाम?

वाराणसी

वाराणसी में खौफनाक वारदात से देश में हलचल। बीएससी के छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या। प्रिंसिपल के सामने ही कर दी गई फायरिंग। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में आज शुक्रवार को बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। आरोपी मंजीत गोली मारने के बाद पिस्टल फेंककर मौके से फरार हो गया। जिस छात्र की हत्या की गई है उसकी पहचान सूर्य प्रताप सिंह (23) के रूप में हुई है। छात्र के सिर, सीने और पेट में गलियां लगी हैं।

पुरानी रंजिश का बताया जा रहा कारण

सूत्रों के मुताबिक मिली जानकारी अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23) को गोली मारी गई। घायल छात्र को आनन-फानन बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, घटना से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज गेट को बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल के सामने फायरिंग की गई है। आक्रोशित छात्रों ने परिसर में तोड़फोड़ भी की।
घटना के बाद यूपी कॉलेज का गेट पुलिस छावनी में बदल गया। मौके पर भारी संख्या में पहुंची पुलिस टीम छात्रों को समझाने के प्रयास में जुटी रही। वहीं, आक्रोशित छात्र प्रिंसिपल के इस्तीफे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
छात्र की मौत की खबर मिलते ही यूपी कॉलेज परिसर से सभी छात्र-छात्राओं को बाहर किया गया। इस दौरान घटना से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज में तोड़फोड़ शुरू कर दी। कुर्सी- मेज तोड़ दी। वहीं गेट पर हंगामा शुरू कर दिया।

छात्र की हत्या के चश्मदीद ने बताया आंखों देखा हाल

यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या के समय मौजूद छात्र ने पुलिस के सामने बयान दिया। उसने बताया कि वह क्लास में था तभी बम फटने जैसी आवाज आई, जिसके बाद वह बाहर निकला। जैसे ही घटनास्थल पर पहुंचा आरोपी छात्र सूर्य प्रताप सिंह पर फायर कर रहा था। मना करने पर उसके ऊपर भी हथियार तान दिया। डर के वजह से वह पीछे हट गया। मौके पर भीड़ देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।

Voice Of News 24