महराजगंज: ठूठीबारी में रसोई गैस के लिए हाहाकार, गोदाम पर उमड़ी हजारों की भीड़

महराजगंज

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी स्थित मां शक्ति एचपी गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी पर शुक्रवार को रसोई गैस की किल्लत के चलते जबरदस्त अफरा-तफरी का माहौल रहा। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी स्थित मां शक्ति एचपी गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी पर शुक्रवार को रसोई गैस की किल्लत के चलते जबरदस्त अफरा-तफरी का माहौल रहा। आपूर्ति की कमी के कारण सुबह से ही हजारों उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर गोदाम के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आए। स्थिति यह थी कि भीड़ गोदाम से निकलकर मुख्य सड़क तक फैल गई, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ।

भीषण भीड़ के बीच अपनी बारी का इंतजार कर रहे उपभोक्ता गया प्रजापति, गणेश, अमरुल्लाह और श्रीलाल मद्धेशिया सहित अन्य लोगों ने बताया कि गैस न मिलने से घर की रसोई ठप पड़ी है। कई लोगों ने अपनी दिहाड़ी मजदूरी छोड़कर लाइन में लगने की मजबूरी जताई, वहीं कुछ लोग आगामी रमजान और घरों में तय शादियों को लेकर गैस की कमी से बेहद चिंतित दिखे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि नियमित आपूर्ति न होने से उन्हें बार-बार भटकना पड़ रहा है।

बढ़ती भीड़ और हंगामे की आशंका को देखते हुए ठूठीबारी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस की कड़ी निगरानी में सिलेंडरों का वितरण कार्य संपन्न कराया गया, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों और रमजान के मद्देनजर गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि जनता को इस भारी किल्लत से निजात मिल सके।

 

Voice Of News 24